ठंड का असर सोमवार को भी बना रहा। दिन में तो मौसम साफ रहा लेकिन शाम होते ही गलन बढ़ गई। ठंड के चलते सोमवार को मुहम्मदाबाद कोतवाली के हाटा गांव निवासी श्रीकिशुन (50) की मौत हो गई। इस तरह इस मौसम में ठंड से अब तक दर्जन भर लोगों की मौत हो चुकी है।
पिछले कई दिनों से कोहरे व ठंड का कहर जारी है। दिन में कभी 10 तो कभी 11-12 बजे धूप का दर्शन हो रहा है, लेकिन ठंड के प्रभाव के आगे इसका असर कम ही है। रविवार की रात दस बजे के बाद कोहरा का क्रम शुरू हो गया है, जो दूसरे दिन सुबह 10 बजे तक जारी रहा। इसके बाद धूप निकलने पर लोगों ने कुछ राहत महसूस की। धूप के बीच रहने पर भी सर्द हवा चलने से लोगों को कंपकंपी होती रही। शाम चार बजे के बाद गलन बढ़ गई। शाम होते ही लोग घरों में लौटने लगे। गर्म कपड़ों का सहारा लेने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली तो लोगों ने अलाव का सहारा लिया। गलन की वजह से कई प्रमुख बाजारों में शाम को चहल-पहल कुछ कम रही। जरूरी काम होने पर ही लोगों ने घर से बाहर का रुख किया।
इनसेट
निरस्त रही कई ट्रेनें
दिलदारनगर। आज भी विभिन्न रेलमार्गों से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें घंटों विलंब से गुजरीं।ठंड तथा कोहरे के कारण अप में तूफान एक्सप्रेस, सियालदह-दिल्ली एक्सप्रेस एवं डाउन में तूफान एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस निरस्त रही। कोहरे की वजह से अप में अमृतसर एक्सप्रेस 2, अमृतसर मेल 3, जोगबनी सुपरफास्ट 9, पटना मुगलसराय पैसेंजर 2, विभूति एक्सप्रेस 4, फरक्का एक्सप्रेस 7, ब्रम्हपुत्र मेल 25 तथा मगध एक्सप्रेस 6 घंटा विलंबित रही। इसके अलावा डाउन में श्रमजीवी एक्सप्रेस 3, कुर्ला पटना एक्सप्रेस 3, मगध एक्सप्रेस 5, अमृतसर मेल 2, अमृतसर एक्सप्रेस 6, ब्रह्मपुत्र मेल 2, सीमांचल एक्सप्रेस 2 घंटा विलंब से चल रही थी।