पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को छिटपुट घटनाओं के बीच चार ब्लाकों में औसतन 66.7 फीसदी मतदान हुआ। कोर गांव में फर्जी मतदान को लेकर प्रत्याशी समर्थकों के बीच मारपीट हुई और ईंट-पत्थर चले। इस घटना में
दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए। बूथ पर तोड़फोड़ और मतपेटी में पानी डालने के कारण कोर गांव में कई घंटे मतदान बंद रहा। तीसरे चरण में देवकली, बिरनो, मरदह और करंडा ब्लाक में वोट डाले गए।
मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। प्रधान पद की 277 एवं सदस्य पद की 3497 सीट पर करीब पांच हजार उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद बिरनो ब्लाक के कोर गांव में फर्जी मतदान को लेकर प्रत्याशी
समर्थकों में पहले झड़प और फिर मारपीट की घटना हुई। नाराज लोगों ने तोड़फोड़ करते हुए मतपेटी में पानी डाल दिया। करीब तीन घंटे बाद कड़ी सुरक्षा के बीच फिर से मतदान कराया गया। देवकली संवाददाता के अनुसार, माऊपारा
में मतदान के दौरान ईंट-पत्थर चले। इसके चलते काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी से स्थिति नियंत्रित की गई। रसूलपुर पचरासी ग्राम में मतपत्र फाड़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने एक युवक की पिटाई कर
दी। नारी पचदेवरा ग्राम में सूची को लेकर झड़प हुई। बताया कि ब्लाक की 106 ग्राम पंचायत एवं सदस्य पद की 1286 सीट के लिए 65.8 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। बिरनो संवाददाता के अनुसार, प्रधान पद की
56 एवं 732 सीट के लिए 61.5 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। मतदान के दौरान कुछ जगहों पर मामूली झड़प की घटना हुई। मरदह संवाददाता के अनुसार, ब्लाक की प्रधान पद की 63 एवं सदस्य पद की 819 सीट के लिए
सबसे ज्यादा 70 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। करंडा संवाददाता के अनुसार, ब्लाक की प्रधान पद की 52 एवं सदस्य पद की 660 सीट के लिए 67 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से
चारों ब्लाक का औसतन 66.07 प्रतिशत मतदान रहा।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को बिरनो, करंडा, मरदह एवं देवकली ब्लाक की प्रधान पद की 277 तथा सदस्य पद की 3497 सीट के लिए मतदान कराया गया। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग
की तरफ से नियुक्त प्रेक्षक अजय कुमार शुक्ल ने आज संबंधित विकासखंडों के कई मतदान स्थलों का निरीक्षण कर मतदान का जायजा लिया। इस दौरान एक मतदान स्थल के पास पोस्टर लगा देख श्री शुक्ल की त्योरी चढ़ गई।
उन्होंने नाराजगी जताई। उधर, करंडा ब्लाक के एक मतदान स्थल पर कक्ष में सफाई न होने पर जिलाधिकारी डा. अशोक चन्द्रा ने आक्रोश जाहिर करते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई
करने का निर्देश दिया। प्रेक्षक के साथ खंड शिक्षाधिकारी सीताराम ओझा भी थे। जिन विद्यालयों पर बूथ बनाए गए हैं उन पर पोस्टर-बैनर लगाने को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों को इसे हटवाने का निर्देश दिया है।