गाजीपुर। जिले के परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ देने की कवायद तेज हो गई है। 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा वाले मुख्यमंत्री कैशलेस हेल्थ कार्ड के लिए अब तक करीब 6500 परिषदीय शिक्षकों ने आवेदन कर दिया है।
जिले में योजना का लाभ 8242 शिक्षकों, 2471 शिक्षामित्रों, 370 अनुदेशकों, 6644 रसोइयों, 198 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के स्टाफ और 64 विशेष शिक्षकों को मिलेगा।
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों और उनके आश्रितों का सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार किया जाएगा।
डीसी एमआईएस मिलिंद कुमार राय ने बताया कि योजना के तहत अगर पुरुष शिक्षक है तो उसकी पत्नी और महिला है तो उसके पति के साथ ही शिक्षक के माता-पिता और 25 वर्ष से कम आयु के उस पर आश्रित बच्चों को इलाज का लाभ मिलेगा।
यही नहीं शिक्षक के दिव्यांग भाई-बहन जो आश्रित हैं उनको भी सुविधा का लाभ मिलेगा। आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विभाग का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द सभी पात्र शिक्षकों के कार्ड बनाकर उन्हें वितरित कर दिए जाएं, ताकि वह योजना का लाभ ले सकें।