गाजीपुर। गाजीपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले चल रहे 120 बेड के पुरुष अस्पताल को पुराने जिला अस्पताल में बनवाने की मांग को लेकर तीसरे दिन बुधवार को भी हस्ताक्षर अभियान जारी रहा। आखिरी दिन करीब 6200 लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन प्रदान किया। जंगीपुर विधायक डा. विरेंद्र यादव ने अभियान के समर्थन देते हुए कहा कि जनपद मेडिकल सुविधा के अभाव को झेल रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक किसी भी अस्पताल में डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। इसके चलते जनपद के लोगों को समय पर चिकित्सा सेवा नहीं उपलब्ध हो पा रहा है। कहा कि पुराने अस्पताल में नया 120 बेड का पुरूष अस्पताल बनाने का मुद्दा विधानसभा उठाएंगे। हस्ताक्षर अभियान का समर्थन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता विवेक कुमार सिंह शम्मी ने बताया कि केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जायज मांग के समर्थन में सिविल बार एसोसिएशन, सर्राफा व्यापार मंडल, यूपीएमएसआरए, आदि शक्ति सेवा संस्थान, रामलीला कमेटी, जमीयत-उल-राईन समाज, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, व्यापार मंडल गाजीपुर के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अपना समर्थन पत्र दिया।
गाजीपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नागमणि मिश्रा ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के तीसरे व आखिरी दिन जनहित को देखते हुए 6200 लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन प्रदान किया। इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी पूर्व जिलाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश वर्मा, संतोष वर्मा, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सच्चेलाल यादव, आलोक, अनिल, सपा के नन्हकू यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, राजेश कुशवाहा, गोपाल यादव, आमिर अली, डा. समीर सिंह, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य निशांत सिंह, अबू फखर खा, अतीक अहमद राईनी आदि मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष नागमणि मिश्रा ने बताया कि 23 जनवरी की सुबह 11 बजे सभी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी को हस्ताक्षर की कापी एवं ज्ञापन सौंपा जाएगा।