जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के इलाईचीपुर उर्फ डिगरी पुलिया के पास एक ट्रैक्टर चालक की हत्या कर शव फेंक दिया गया। बुधवार की सुबह शव देखते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर शव रखकर जाम लगाने लगे। इसी बीच पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम करने से रोक दिया। इसके बाद शव कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हत्या के मामले में मृतक के भतीजे ने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। इस प्रकरण में पुलिस ने दो नामजद समेत चार लोगों के विरूद्ध हत्या का केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर बुधवार को पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना किया और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
कोतवाली क्षेत्र के बरूईन गांव निवासी मृतक नागेंद्र यादव उर्फ सिपाही (38) के भतीजे कृष्णा उर्फ लालू यादव ने आरोप लगाया है कि मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे सिपाही गांव के एक व्यक्ति का ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। तभी स्टेशन बाजार के पास दो-तीन लोगों ने उसे रोक लिया और मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर गाली-गलौज करने लगे, लेकिन कुछ लोगों ने समझा-बुझाकर किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद सिपाही ट्रैक्टर खड़ा कर कुछ लोगों के साथ चला गया। शाम को करीब चार बजे गांव के ही गुड्डू गिरी एवं सिपाही यादव को स्टेशन बाजार के पटखौलिया निवासी नागेंद्र यादव एवं मनोहर यादव ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर अपने साथ ले गए। कुछ दूर ले जाकर दोनों को मारने-पीटने लगे।
किसी तरह गुड्डू गिरी जान बचाकर भाग निकला। जबकि सिपाही को लाठी-डंडे से पीट- पीटकर मौत के घाट उतार दिया। चालक सिपाही के मरने के बाद रात में शव डिगरी नहर पुलिया के पास पटरी पर फेंक फरार हो गए। उधर, हत्या कर शव फेंके जाने की जानकारी होते ही सीओ सुरेंद्र शर्मा एवं कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग -29 पर शव रखकर लोग जाम लगाने लगे, लेकिन तभी पुलिस अधिकारी वहां पहुंच गए और लोगों को समझा-बुझाकर जाम लगाने से रोक दिया। इसके बाद शव को कब्जे में ले लिया गया। सूचना पर पहुंचे एसपी ओमप्रकाश सिंह ने संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृत नागेंद्र यादव उर्फ सिपाही के भतीजा कृष्णा उर्फ लालू यादव की तहरीर पर स्टेशन बाजार के पटखौलिया मोहल्ला निवासी नागेंद्र यादव और मनोहर यादव के खिलाफ नामजद हत्या रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
चालक नागेंद्र यादव उर्फ सिपाही अपने कुछ दोस्तों के साथ दारू पी। इसके बाद मोबाइल चोरी की बात को लेकर उनमें झगड़ा शुरू हो गया। इस बीच लाठी-डंडे से सिपाही की जमकर पिटाई कर दी गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव को नहर के पास फेंक दिया। इस प्रकरण में दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। -डॉ. ओमप्रकाश सिंह, एसपी
घटना को लेकर लोगों में था आक्रोश
बुधवार की सुबह बरुईन गांव के जिन लोगों को भी यह जानकारी हुई कि इलाईचीपुर उर्फ डिगरी पुलिया के हत्या कर नागेंद्र यादव उर्फ सिपाही का शव फेंका गया, उनके पैर घटनास्थल की तरफ बढ़ गई। परिवार के लोगों सहित कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजन बिलखने लगे। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और हत्यारों की गिरफ्तारी की लेकर हो-हल्ला करने लगे। गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर शव रखकर जाम लगाने लगे, लेकिन पुलिस समझाने-बुझाने पर शांत हो गए।
नहीं थम रहे थे पत्नी के आंसू
बरूईन गांव निवासी मृतक नागेंद्र यादव उर्फ सिपाही जब मंगलवार की देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने सोचा कि शायद किसी परिचि त के यहां गया होगा और अब-तब आ जाएगा। इसी बीच बुधवार की सुबह जैसे ही परिजनों के दानों में यह खबर पहुंची कि सिपाही का शव इलाईचीपुर उर्फ डिगरी पुलिया में पड़ा है तो वह बदहवास हो गए। पत्नी लालमुनी सहित परिवार के अन्य लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। शव पर नजर पड़ते ही पत्नी दहाड़े मारकर चीखने-चिल्लाने लगी। उसके आंसू थम नहीं रहे थे। वह बार-बार बिलखते हुए यह कह रही थी कि पति की मौत के बाद अब वह तीन नाबालिक पुत्री एवं एक पुत्र का पालन-पोषण किसके सहारे करेंगी। उसकी यह ब्यथा सुन ढांढस बंधाने वालों की आंखें भी छलक जा रही थी।