क्षेत्र के पकड़ी गांव स्थित पंचायत भवन परिसर में पशुपालन विभाग की ओर से मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले में 200 से ज्यादा पशुपालक पशुओं को लेकर पहुंचे थे। इस दौरान 550 पशुओं का उपचार और टीकाकरण किया गया। साथ ही दवाएं भी दी गईं।
मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पकड़ी ग्राम प्रधान सच्चिदानंद राय और रेवतीपुर पशु पशु चिकित्सालय के प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने गो पूूूूजा कर किया। ग्राम प्रधान सचिदानंद राय ने कहा कि ऐसे मेले में पशुपालकों को काफी सहूलियत मिलती है एवं समय से पशुओं के इलाज के साथ ही अन्य जानकारी विभाग द्वारा दी जाती है। वहीं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के तहत पशुओं पालकों का भी किसान क्रेडिट कार्ड बन रहा है। पशुओं को किर्मी नाशक, बांझपन, गर्भ न ठहरना, बुखार, खुरपका- मुंहपका, गलाघोंटू, लगंड़ी जैसी बीमारी से बचाव की जानकारी दी। पशु पालकों को कैल्शियम, पोषक तत्व आदि दवाईयां भी नि:शुल्क दी गई। इस मौके पर डॉ. सतेंद्र सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी शशिभूषण, संतोष सिंह, लालचंद, रामानुज, अरविंद मौजूद रहे।