सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के दो गांव में गुरुवार को खंभा में लगे अर्थिंग वाले तार की जद में आने से जहां एक भैंस की मौत हो गई। वहीं काफी नीचे लटके एलटी तार से सटने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में लाया गया।
मिश्रवलिया गांव निवासी बुधू राम अपनी भैंस को चराने के लिए आज सुबह सिवान में ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में करीब छह बजे एलटी खंभा के करेंट प्रवाहित अर्थिंग तार से भैंस सट गई, जिससे मौके पर ही भैंस की मौत हो गई। पशु स्वामी बुधू राम ने बताया कि पूर्व में इस तार की जद में आने से दो बकरियों की करेंट लगने से मौत हो चुकी है। बिजली विभाग को कई बार इसकी सूचना दी गई। बावजूद इसके अर्थिंग तार को ठीक नहीं किया गया। अगर सूचना के बाद तार को ठीक कर दिया गया होता तो उसकी भैंस की मौत नहीं होती। विभाग की लापरवाही की वजह से उसका बड़ा नुकसान हुआ है। उधर मनिया गांव के जगवल निवासी लक्ष्मी बनवासी के पुत्र दिनेश बनवासी (18) वर्ष मनिया गांव में ही किसी काम से जा रहा था। अभी वह जामा मस्जिद के पास पहुंचा ही था कि काफी नीचे लटके एलटी तार की जद में आ गया, जिससे करेंट से वह चिल्लाते हुए छटपटाने लगा। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडा से पीटकर उसे तार से अलग किया। युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे सेवराई चौकी इंचार्ज महेश प्रसाद निषाद ने घटना की जानकारी ली। इस बाबत विद्युत विभाग एलएनटी के मैनेजर प्रशांत कुमार ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व ही मिश्रवलिया गांव की वायरिंग की गई थी। अर्थिंग तार में उतर रहे करेंट को जल्द से जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। जेई प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि नीचे लटके एलटी तार को शीघ्र ही ऊपर करा दिया जाएगा।