गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में तैनात रसोइयों को होली पर ड्रेस की सौगात मिली है। विद्यालयों में मध्याह्न भोजन पकाने वाली 6932 रसोइयों को नए सत्र में दो साड़ी खरीदने के लिए धनराशि जिले को उपलब्ध करा दी गई है। 500-500 रुपये की दर से रसोइयों को उनके खाते में पैसा भेज दिया गया है।
जिले में 2531 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनाया जाता है। इसमें 2268 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय और सहायता प्राप्त 262 विद्यालयों में कक्षा एक से लेकर आठ तक पढ़ने वाले बच्चों को दोपहर का भोजन बनाने के लिए 5546 महिला रसोइयां और 1386 पुरुष रसोइयां कार्यरत हैं। प्रति रसोइयां 500-500 की दर से जिले को 34 लाख 66 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है। परिषदीय स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत मिड-डे-मील वितरण के लिए तैनात रसोइयों को सरकार की ओर से होली से पहले यह तोहफा दिया गया है। निर्धारित ड्रेस कोड के अंतर्गत साड़ी खरीदने के लिए रसोइयों के खाते में पैसे भेजा जा रहा है। महिला रसोइयों को जहां भूरे रंग की साड़ी पहननी होगी, वहीं पुरुष रसोइएं को भूरे रंग की पैंट और बादामी रंग की शर्ट पहननी होगी। रसोइयों को नई ड्रेस खरीदने की धनराशि उनके खातों में भेज दी गई है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि महिला रसोइयों को भूरे रंग की साड़ी और पुरुष रसोइयों को भूरे रंग की पैंट और बादामी रंग की शर्ट खरीदनी होगी। दो ड्रेस खरीदने के लिए उनके खाते में 500-500 की दर से पैसा भेज दिया गया है।