थाना क्षेत्र के लौलहा चौराहे पर स्थित फिनो बैंक प्वाइंट पर मंगलवार की शाम चार बजे दो बाइकों से पहुंचे पांच नकाबपोश बदमाशों ने संचालक को तमंचा से आतंकित करने के बाद 40 हजार रुपये, दो मोबाइल लूट लिया। जाते समय बदमाश संचालक के बाइक की चाबी भी छीन ले गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
लौलहा गांव निवासी लक्ष्मण राजभर की शिवदासपुर-मौधा मार्ग स्थित लौलहा चट्टी पर फिनो बैंक प्वाइंट है। वह मंगलवार की शाम दुकान पर ही मौजूद थे। इसी दौरान करीब चार बजे दो बाइकों पर सवार पांच नकाबपोश लोग पहुंचे और केंद्र संचालक लक्ष्मण राजभर को तमंचा सटा दिया। उनको आतंकित करने के बाद दूसरे लुटेरे ने 40 हजार नकदी, दो मोबाइल एवं उसके बाइक की चॉबी छीन ली। इसके बाद सभी लुटेरे तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घंटों छानबीन करने के साथ लुटेरों को दबोचने के लिए वाहनों की जांच करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह ने बताया घटना की छानबीन करने के साथ ही लुटेरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं मिली है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।