गाजीपुर। नामांकन के चौथे दिन बुधवार को कुल 32 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें तीन प्रत्याशियों ने एक-एक सेट में दोबारा पर्चा दाखिल किया। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, आप सहित अन्य दलों के विभिन्न विधानसाभाओं से 29 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा। दोपहर दो बजे के करीब भाजपा की सदर से प्रत्याशी डा. संगीता बलवंत, जखनियां से प्रत्याशी रामराज बनवासी, जहूराबाद से प्रत्याशी कालीचरण राजभर और जंगीपुर से प्रत्याशी रामनरेश कुशवाहा एक साथ कलेक्ट्रेट के पूरब दिशा में सिद्धेश्वर नगर तिराहा से कलेक्ट्रेट की ओर आए। करीब एक घंटा बाद नामांकन पूरी कर कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकले। संगीत ने दो सेट, रामराज ने एक सेट, कालिचरण ने तीन सेट, रामनरेश ने तीन सेट में पर्चा दाखिल किया।
सपा के सैदपुर से प्रत्याशी अंकित भारती एक बजे के करीब पूरब गेट से ही कलेक्ट्रेट की ओर आए। जो 2.15 बजे दो सेटों में नामांकन पूरा कर बाहर निकले। बसपा की जहूराबाद से प्रत्याशी सैयदा शदाब फातिमा पश्चिम गेट से कलेक्ट्रेट की ओर आईं। करीब दो बजे कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश की और तीन सेटों में नामांकन कर तीन बजे बाहर निकलीं। बसपा के ही जमानिया से प्रत्याशी परवेज खान पूरब गेट से कलेक्ट्रेट की ओर आए और दो बजे नामांकन के लिए प्रवेश किया। दो सेटों में नामांकन कर वह तीन बजे के करीब कलेक्ट्रेट से बाहर निकले।
ऐसे ही कांग्रेस की सैदपुर से प्रत्याशी सीमा देवी और जहूराबाद से प्रत्याशी ज्ञान प्रकाश सिंह ने दो-दो सेटों में नामांकन किया। आम आदमी पार्टी के सदर से प्रत्याशी बिहारी लाल सिंह ने दो सेट, जंगीपुर से प्रत्याशी कालीचरण सिंह यादव ने दो सेट, सैदपुर से प्रत्याशी राकेश ने एक सेट में नामांकन किया।
सदर से निर्दल प्रत्याशी संतोष सिंह यादव ने एक सेट, जमानिया से सीपीआईएमएल के प्रत्याशी के ईश्वरीय प्रसाद कुशवाहा ने एक सेट, सदर से भाकपा के प्रत्याशी रूद दत्त तिवारी एक सेट, जखनिया से माकपा के प्रत्याशी हरिलाल ने एक सेट, जखनियां से सीपीआई के प्रत्याशी राम शुक्ला राम ने एक सेट में नामांकन किया। जन अधिकार पार्टी से जंगीपुर के प्रत्याशी योगेंद्र एक सेट, मुहम्मदाबाद के प्रत्याशी संजय सिहं कुशवाहा दो सेट, सैदपुर के प्रत्याशी रामलोचन एक सेट और जमानिया के प्रत्याशी सहतू कुशवाहा एक सेट में नामांकन किया। जहूराबाद से एमसीपीआई के प्रत्याशी रामप्रवेश यादव ने एक सेट में नामांकन किया। भारत स्वाभिमान पार्टी से जखनिया के प्रत्याशी अच्छे लाल भारती ने एक सेट में नामांकन किया। सदर सीट से लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी की प्रत्याशी कुसुम तिवारी ने एक सेट में नामांकन किया। विकासशील इंसान पार्टी से जंगीपुर के प्रत्याशी मनीष चौधरी ने एक सेट में नामांकन किया। जखनिया से बीएमपी पार्टी के प्रत्याशी रामाशंकर ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया।
जखनिया से पीडीपीआई के प्रत्याशी लखेद राम ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। जमानिया से मानव संघर्ष पार्टी के प्रत्याशी रामाश्रय राजभर ने एक सेट में पर्चा भरा। सदर से भारतीय समाज पार्टी की केसा देवी ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।
दोबारा नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे
जमानिया से सपा के प्रत्याशी ओम प्रकाश सिंह ने सोमवार को तीन सेट में नामांकन किया था। नामांकन पत्र में कमियां रह जाने से बुधवार को एक सेट में और नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके प्रस्तावक आजाद थे। ऐसे ही सपा के जखनिया से सपा के वेदी राम ने भी सोमवार को नामांकन किया था। लेकिन बुधवार को उन्होंने भी एक सेट में पर्चा दाखिल किया। मुहम्मदाबाद से आप के प्रत्याशी मनोज यादव ने एक सेट में दोबारा पर्चा भरा है।
प्रत्याशियों ने दिशा, नक्षत्र और विशेष दिन का रखा ख्याल
प्रत्याशियों ने नामांकन के लिए विशेष दिन, नक्षत्र और दिशा तीनों का ख्याल रखते नजर आए। 16 फरवरी को माघ महापूर्णिमा था। इसे काफी शुभ दिन माना जाता है। बुधवार को नामांकन करने वाले भाजपा समेत कई अन्य दलों के प्रत्याशियों ने दिन, नक्षत्र और दिशा तीनों का ख्याल रखा। भाजपा के चारो प्रत्याशी पूरब दिशा से कलेक्ट्रेट की ओर आए और नामांकन के लिए प्रवेश किया। इसके साथ ही सपा के अंकित भारती सहित अन्य छोटे-छोटे दल शुभ मुहुर्त का पालन करते दिखे। सुबह 11 बजे से एक बजे तक प्रमुख दलों के अधिकांश प्रत्याशी नामांकन से दूर रहे। जो चर्चा का विषय बना रहा। क्योंकि पिछले तीन दिनों के नामांकन में सुबह से ही प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों की आवाजाही लगी रही। वहीं, ज्योतिषाचार्य छेदी तिवारी के अनुसार, 16 फरवरी को माघ महापूर्णिमा होने से कई शुभ योग थे। दोपहर में 2 बजे के बाद अश्लेषा नक्षत्र शुरू हुआ जो 3.30 बजे तक था। इस नक्षत्र में शुभ काम करना फलदायी होता है। जबकि शाम 3.30 बजे के बाद मघा नक्षत्र शुरू हो गया।