सुहवल(गाजीपुर)। ताड़ीघाट-बारा मार्ग के चौड़ीकरण के कार्य के लिए जेसीबी से खुदाई के दौरान सुहवल थाना के पास जगह-जगह भूमिगत केबल कट गया है। इसकी वजह से करीब एक माह से ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन, थाना सहित अन्य जगहों की संचार व्यवस्था ठप है। उक्त विभागों द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था कर किसी तरह कार्यों का निपटारा किया जा रहा है। जानकारी दिए जाने के बाद भी विभाग केबिल को दुरुस्त कराकर समस्या का समाधान करने को लेकर गंभीर नहीं है।
मालूम हो कि काफी समय से ताड़ीघाट-बारा मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है। इसके लिए जेसीबी से खुदाई कराई जा रही है। सुहवल थाना के पास कई स्थानों पर भूमिगत केबल कट गई। इससे ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन, सुहवल थाना सहित अन्य जगहों की संचार व्यवस्था ठप हो गई। सबसे ज्यादा परेशानी रेलवे को हो रही है। टिकट बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था कर किसी तरह से टिकट बनाया जा रहा है। थाना में भी दूसरी कंपनी के नेटर्वक से कार्य हो रहा है। विभाग द्वारा बार-बार दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी केबल को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। एक माह से रेलवे, थाना सहित अन्य लोग परेशान हैं। इस संबंध में ताड़ीघाट स्टेशन के अधीक्षक उमेश सिंह ने बताया कि करीब एक माह से नेटर्वक की समस्या बनी हुई है। टिकट काटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। बताया कि संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक मरम्मत नहीं हो सकी है। जिला दूरसंचार प्रबंधक साकेत वर्मा ने बताया कि मार्ग का चौड़ीकरण करते वक्त संबंधित विभाग की लापरवाही से केबल कट जा रहा है। जल्द ही केबल को दुरुस्त कराकर संचार व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी।