गाजीपुर/नंदगंज। नंदगंज रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे 22 बोगियों में 16 हजार कंटेनर में लदी अफीम की मालगाड़ी पहुंची। इसे राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया स्टेशन से जनपद के नंदगंज स्टेशन पहुंचने में दो दिन का समय लगा। मालगाड़ी तीन मई को रवाना हुई थी जो पांच मई की सुबह नंदगंज पहुंची है। ऐसे में मालगाड़ी की सुरक्षा को लेकर स्टेशन पर पहले से ही काफी अलर्ट था। जबकि पूरे सफर में मालगाड़ी को राजस्थान पुलिस, आरपीएफ समेत अन्य सुरक्षा बल सुरक्षा प्रदान कर रहे थे।
मालगाड़ी के स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंचने को लेकर वहां भी सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई। पूरे दिन राजस्थान पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, सीआईएसएफ के सुरक्षाकर्मियों के साथ नारकोट िक्स की टीम मौजूद रही। प्लेटफार्म नंबर चार पर किसी भी बाहरी व्यक्ति को आने-जाने की इजाजत नहीं थी। अफीम फैक्ट्री की ओर से मालगाड़ी से कंटेनर उतारने और डीसीएम वाहन पर चढ़ाने के लिए करीब 300 मजदूर लगाए गये थे। जो दिन में करीब एक बजे तक मालगाड़ी से प्लेटफार्म पर पूरा कंटेनर उतार चुके थे। इसके बाद डीसीएस पर कंटेनरों को लोड करने का सिलसिला शुरू हुआ। जो देर रात तक चलता रहा। अधिकारियों का कहना है कि 16 हजार कंटेनरों को वाहनों पर लोडिंग का काम रात 10 बजे से पहले समाप्त कर लिया जाएगा। इसके साथ ही अफीम फैक्ट्री के गोदाम तक माल को सुरक्षित रख दिया जाएगा।
अफीम फैक्ट्री के प्रबंधक ओपी राय ने बताया कि तीन मई को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया स्टेशन से 16 हजार कंटेनर के साथ मालगाड़ी रवाना हुई थी। जनपद के अफीम फैक्ट्री के लिए पूरे साल के लिए अफीम को उपलब्ध कराया जा चुका है। जिसे प्रोसेस कर दवाई बनाया जाएगा।