भांवरकोल (गाजीपुर)। कई वर्षों से बदहाल कोटवा-लठ्ठूडीह मार्ग का जल्द ही कायाकल्प होगा। कोटवा, नारायणपुर से करईल होते हुए मुहम्मदाबाद- बलिया मार्ग में मिलने वाली 26 किमी के इस मार्ग का निर्माण 41 करोड़ की लागत से होगा। इसके निर्माण पर भूतल-परिवहन विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। रविवार की देर शाम बलिया के सांसद ने वाराणसी जाते समय स्थानीय बाजार में पत्रकारों को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बरसात से पहले ही मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। इस मार्ग का लाभ क्षेत्र के बसनिया, बलियरी, सियाड़ी, गौड़ऊर, लठ्ठूडीह के लोगों को मिलेगा। एक सप्ताह के अंदर इस मार्ग का शिलान्यास करने के साथ ही कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि गंगा कटान से सेमरा और शेरपुर को बचाने के लिए ठोकर निर्माण और पुराने ठोकर मरम्मत की स्वीकृति मिलने के साथ सिंचाई विभाग को धन उपलब्ध भी शासन की ओर से करा दिया गया है। साथ ही पाताल गंगा स्थित सब्जी मंडी पर व्यापारियों के लिए लाइट और पेयजल की व्यवस्था भी जल्द होगी। इसके अलावा कुंडेसर में स्थित कृषि भवन परिसर में एक सब्जी भंडार केंद्र और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का भी निर्माण कराया जाएगा। यहां के किसानों को इसका लाभ होगा। इस दिशा में भी सार्थक कदम प्रदेश सरकार की ओर उठाया जा रहा है। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, दिनेश वर्मा, रवींद्र नाथ राय आदि मौजूद रहे।