जिले के प्राथमिक विद्यालयों के 21 हजार बच्चों के अभिभावकों के खाते आधार से लिंक नहीं हो सके हैं जिसकी वजह से यूनिफार्म की धनराशि अभिभावकों के खाते में नहीं भेजी जा सकी है।
जनपद के परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या 329142 है। इसमें से 38699 ऐसे बच्चे हैं जिनका डाटा सत्यापन का कार्य अभी स्कूल स्तर पर ही नहीं किया जा सका है। 21 हजार बच्चे ऐसे हैं जिनके अभिभावक का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं हो सका है। इसकी वजह से इन अभिभावकों के खाते में 1100 रुपये नहीं पहुंच पाए हैं। इसकी वजह से छात्रों के यूनिफार्म, जूता-मोजा और बैग की खरीद नहीं हो पा रही है। हालांकि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पिछले दिनों करीब 12 बच्चों का डाटा सत्यापन और बैंक खाता से आधार लिंक का काम हो गया है। जिनके खाते में यूनिफार्म की रकम भेजने का कार्य जल्द शुरू होगा। वहीं, ठंड के प्रकोप को देखते हुए स्कूल बंद हैं। इसके अलावा कोरोना का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। साथ ही शिक्षण सत्र समाप्त होने में महज तीन महीने शेष रह गये हैं। ऐसे में समय से पैसा भेजने का कार्य शुरू नहीं हुआ तो अधिकांश छात्र यूनिफार्म की धनराशि से वंचित रह जाएंगे।
0
शेष छात्रों का डाटा डीबीटी पर फीड करने में शीघ्रता बरती जा रही है। अभिभावकों के खातों को आधार से जल्द लिंक करने के लिए बैंकों से कहा गया है। अभिभावकों को जागरूक भी किया जा रहा है।-अमित राय, जिला समन्वयक, सामुदायिक सहभागिता