जमानिया। स्थानीय तहसील सभागार में रविवार को उपजिलाधिकारी रमेश मौर्य ने सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वाएड के साथ बैठक की। इस दौरान बूथों पर मिली कमियों को दूर किए जाने के साथ अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधानसभा को तीन जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है। एसडीएम श्री मौर्य ने कहा कि बूथों का रूट चार्ट स्पष्ट होना चाहिए। उसमें गलती न हो तथा बूथों पर जो न्यूनतम सुविधा होनी चाहिए उसे हर हाल में उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि हर बूथ पर बीएलओ, आरओ, सुपरवाइजर का नाम स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए। किसी भी बूथ से दो सौ मीटर के दायरे में किसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी का कार्यालय नहीं हो सकता है। अगर ऐसा है तो उस पर गौर करें और तत्काल हटवाएं। क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों पर नजर रखने और रिपोर्ट लगातार देते रहने के निर्देश भी उन्होंने दिए। क्षेत्राधिकारी कुलभूषण ओझा ने कहा कि चुनाव के दौरान बाहरी क्षेत्र से चुनाव में निषेध वस्तुओं के आने का खतरा बना रहता है। इस काम को रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वाएड और स्टेटिक सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने टीम को जरूरत के अनुसार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचते ही फोटो अथवा वीडियो बनाने का निर्देश दिया ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान उन्होंने चुनाव में तनाव से निबटने के तरीके बताए। लीडरशिप, तनाव को कम करने, सुनने की आदत के साथ ही सीमित संसाधनों में काम पूरा कराने की विधियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। बैठक में उपजिलाधिकारी सेवराई विक्रम सिंह, तहसीलदार जमानिया आलोक कुमार, तहसीलदार सेवराई अजीत कुमार सिंह, सहायक व्यय प्रेक्षक लेखा टीम, फ्लाइंग स्क्वाएड, स्टेटिक सर्विलांस टीम, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट सहित तहसील जमानिया एवं तहसील सेवराई के सभी राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।