सुहवल। हमीद सेतु के ज्वाइंटर में पड़ी दरार रविवार को भी दुरस्त नहीं की जा सकी। इससे आवागमन करने वालों की परेशानियां बरकरार रही। सुबह मरम्मत में लगे इंजीनियरों के अनुरोध पर प्रशासन ने एंम्बुलेंस, ई-रिक्शा के संचालन पर अगले आदेश तक पूरी तरह से रोक लगा दी। रविवार को जर्जर रोलर बेयरिंग को निकाल कर उसकी जगह पेडिस्टल कास्टिक नया बेस बनाने का काम शुरू हो गया। इस संबंध में इंजीनियर पंकज सिंह की मानें तो कार्य में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, इसके लिए जरूरत पड़ने पर बाइकों के संचालन पर भी पूरी तरह से मरम्मत होने तक रोक लगाई जा सकती है। कहा कि मरम्मत कार्यों के दौरान दो पहिया वाहनों के चलने पर पुल में कंपन हो रही है। फिलहाल राहगीरों की परेशानियों को देखते हुए बाइकों का संचालन अभी जारी है। दो दिन बाद नए रोलर बेयरिंग को लगाने का काम शुरू होगा। इसके बाद पूरब तरफ भी क्रैक हुए स्पैन को तोड़कर उसकी मरम्मत कर पुराने रोलर बेयरिंग को हटा नया बेयरिंग लगाने का काम किया जाना है। उधर परेशान लोगों का कहना है कि सेतु मरम्मत कार्य में तेजी नहीं लाई जा रही है, जिसका खामियाजा आवागमन करने वालों को भुगतना पड़ रहा है। इस संबंध में एनएचएआई के परियोजना निदेशक समर बहादुर ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।