कासिमाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के पीड़ितों ने बुधवार की शाम तहरीर देकर खाते से 1.93 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर (करमपुर) गांव निवासी पीड़ित अवधेश कुमार ने तहरीर देकर अवगत कराया कि 29 नवंबर की शाम चार बजे मोबाइल पर एक व्यक्ति फोन आया। दूसरी तरफ से एक व्यक्ति ने घर पर किसी सामान के डिलीवरी होने की जानकारी दी। इसके बाद उसने कहा कि कंपनी को पैसा भेजने का सिस्टम बदल गया है। जैसे मैं बता रहा हूं आप वैसा ही करते जाइएगा। मैंने उसके बताए अनुसार मोबाइल पर बटन दबा दिया। कुछ देर बाद मेसेज से पता चला खाते से आठ बार में कुल 67 हजार नौ सौ 86 रुपये निकाल लिए गए हैं। ठगी का एहसास होते ही मैंने 1930 नंबर पर अपने साथ फ्रॉड होने की जानकारी दी। वहीं, सुरवत गांव निवासी पीड़ित नवनीत राम ने बताया कि बीते पांच दिसंबर को एक व्यक्ति ने फोन कर उनसे बैंक और आधार कार्ड संबंधी जानकारी मांगी।
मैंने फोन करने वाले को इसकी जानकारी दे दी। कुछ ही देर बाद खाते से एक लाख 25 हजार रुपये की ठगी हो गई। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर अज्ञात पर साइबर फ्रॉड में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।