कालूपुर-पटकनिया से होते हुए कल्यानपुर-रामपुर तक जाने वाली चौदह किलोमीटर की सड़क की मरम्मत के नाम पर 18 लाख रुपये खर्च हो गए लेकिन सड़क नहीं दुरुस्त हुई। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
यह मार्ग करीब एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ता है। यही नहीं इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बना रहता है। इसकी हालत यह है जगह-जगह गड्ढे हैं जिनकी शायद ही कोई गिनती कर पाए। वाहनों के चलने से उड़ने वाली धूल के कारण मार्ग किनारे बोई गई विभिन्न फसलों को नुकसान पहुंच रहा है वहीं आने-जाने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खस्ताहाल मार्ग के कारण उन्हें हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों ने बताया कि बीते वर्ष नवंबर माह में मरम्मत के नाम पर 18 लाख बहाए गए लेकिन कुछ दिनों के बाद ही स्थिति बदतर हो गई। हालत यह कि गिट्टियां उखड़कर बिखरने लगी है। कई जगह पुलिया क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों ने मांग किया कि इसकी जांच शासन स्तर से कराई जाए ताकि मरम्मत के नाम पर हुए खेल का पर्दाफाश हो सके। इस संबंध में लोक निर्माण प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राधाकृष्ण कमल ने बताया कि पहले आवागमन के दृष्टिगत जल्द मरम्मत कराने के साथ ही इसकी मरम्मत में मानकों के विपरीत कार्य कराए जाने की जांच कराई जाएगी। इसमें जो दोषी होगा उसके खिलाफ रिकवरी के साथ ही कार्रवाई की जाएगी।