जंगीपुर(गाजीपुर)। देवकठिया-बीबीपुर मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बीबीपुर गांव में सड़क के दोनों तरफ नाली का निर्माण न कराए जाने से लोगों के घरों से निकलने वाला पानी हर समय सड़क के गड्ढों में जमा रहता है। इससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बाद भी नाली का निर्माण और मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे नाराज बीबीपुर के ग्रामीणों मंगलवार को खस्ताहाल मार्ग पर लगे पानी में धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि बिरनो ब्लॉक के देवकठिया-बीबीपुर मार्ग देवकठिया, बेलवा रसूलपुर, कटैला, जगनापुर, दाउदपुर होते हुए बुजुर्गा सहित हंसराजपुर मार्ग को जोड़ता है। इस मार्ग पर 24 घंटे आवागमन का दबाव बना रहता है। बीबीपुर गांव में सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुकी है। पिच की जगह सिर्फ गिट्टी और मिट्टी दिखाई दे रही है। सड़क किनारे नाली का निर्माण न होने से मार्ग पर हर समय लोगों के घरों से निकलने वाला पानी लगा रहता है। इससे आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गड्ढों की वजह से आए दिन लोग गिर कर घायल हो रहे हैं। बारिश होने पर स्थिति और भी खराब हो जा रही है। महीनों से जमा पानी से दुर्गंध उठने से संक्रामक बीमारियों का भय बना रहता है। यह मार्ग पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आता है। बार-बार अधिकारियों को मार्ग की दशा से अवगत कराने के बाद भी इसको दुरुस्त नहीं किया गया। विभाग की उपेक्षा की वजह से हम लोगों को सड़क पर लगे पानी में धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए सड़क को दुरुस्त कराने के साथ ही दोनों तरफ नाली निर्माण कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। रोपाई करने वालों में धर्मेंद्र यादव, सुजीत यादव, महेंद्र यादव, रमेश यादव, अरवदिं यादव, चंद्रदेव यादव, गुड़िया देवी, आयशा बानो, लाची देवी, जीउत यादव, मनीष यादव, बृजेश यादव, राजेश यादव साहित दर्जनों लोग शामिल थे।