नंदगंज (गाजीपुर)। गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क दुर्घटनाओं में कुल छह लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने तीन लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के सोहराब बाबा मजार के पास गुरुवार को दिन में करीब 12 बजे गाजीपुर से सवारियों को लेकर आ रहा टेंपो साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो पलटते ही उसमें सवार लोग चिल्लाने लगे। आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पह पहुंची पुलिस ने घायल धरवा गांव निवासी बालचंद्र (15), मोनू (18), लालू (16) और कुुसुमीकला निवासी नेहा गिरी (16) को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल बालचंद और मोनू को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर स्थानीय विधुत उपकेंद्र में तैनात जेई लक्ष्मन राम और एसएसओ इंसाफ अली की मोटरसाइकिल से कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दिन में करीब दस बजे शादियाबाद रोड पर स्थित रेलवे क्रासिंग के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य पर लाया गया, जहां जेई को गंभीर लगने की वजह से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।