सैदपुर (गाजीपुर)। खानपुर थाने के अहलादपुर गांव के सामने गुरुवार को मवेशियों को बचाने के चक्कर में पशुपालक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इस दौरान दो मवेशी भी डीएमयू ट्रेन से कटकर मर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खानपुर थाने के अहलादपुर निवासी सुग्रीव राजभर (75) खेती कर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। वह गाय और भैंस समेत अन्य मवेशियों को चराने के लिए सिवान की ओर ले गया था। वापस आते समय रेलवे लाइन पर एक गाय और भैंस रुक गई। इसी दौरान औड़िहार से जौनपुर जाने वाली डीएमयू ट्रेन आ गई। ट्रेन आता देख सुग्रीव दौड़कर मवेशियों को बचाने पहुंचा। लेकिन वह भी मवेशियों के साथ ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे वृद्ध एवं दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जानकारी होने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष हिमेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।