गाजीपुर। बीएड टीईटी संघर्ष मोर्चा के अभ्यर्थियों ने रविवार को अपनी मांगों को लेकर सिटी रेलवे स्टेशन से जुलूस निकाला। सकलेनाबाद, मिश्रबाजार, महुआबाग होते हुए जुलूस सरजू पांडेय पार्क में पहुंचकर सभा के रूप में तब्दील हो गया। इस मौके पर अध्यक्ष पंकज राय ने कहा कि बीएड टीईटी उत्तीर्ण 2011 का संपूर्ण समायोजन एवं उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित सभी अंतरिम आदेशों का अक्षरश: पालन किया जाए।
उन्होंने संगठन की आवाज को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए 10 अगस्त को बड़ी संख्या में लखनऊ चलने का आह्वान किया। उपाध्यक्ष शिवदास यादव ने कहा कि हम प्रदेश स्तर पर अपनी मांग को लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगाएंगे। जिला संगठन के संरक्षक मुकेश राय ने कहा कि प्रदेश के सभी पदाधिकारियों एवं समस्त अचयनित अभ्यर्थियों को एक मंच पर आकर संपूर्ण समायोजन करने की मांग करने की बात कहते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इसमें सभी अभ्यर्थियों का सहयोग जरूरी है। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी बृजेश कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष जितेंद्र, प्रेमशंकर राय, संदीप कुमार, हरिकेश मिश्रा, धर्मेन्द्र प्रधान, संतोष कुशवाहा, विष्णु कुमार सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद थे।