गाजीपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से 31 मई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में जिले के 15,340 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षकों के साथ एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। दो पालियों में होने वाली परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के जिला नोडल समन्वयक डॉ. राघवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रत्येक दो परीक्षा केंद्रों पर एक केंद्र प्रतिनिधि तथा प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।