जमानिया। तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक की अध्यक्षता में जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यवेक्षक सर्किल 01 से 50 तक के सभी सुपरवाइजर शामिल हुए। इस दौरान चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार राम नारायण वर्मा तथा सहायक चार्ज अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपजिलाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें। साथ ही फील्ड में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रगणकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।
एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने कहा कि 31 मई तक सभी एचएलबी (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना) का कम से कम 50 प्रतिशत कार्य पूरा होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए भगवान सिंह , साधना प्रधान, रंजना सिंह, ब्रजेश कुमार और अजय राजभर को सम्मानित किया गया।