गाजीपुर। दस दिन से बिजली न होने के विरोध में ओपियम फैक्ट्री के सीआईएसएफ कॉलोनी की महिलाओं और युवतियों और बच्चों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। शाम को करीब चार बजे कचहरी मार्ग पर ओपियम फैक्ट्री के सामने सड़क को जाम कर आपूर्ति सुचारु कराने की मांग करने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं और युवतियों को समझा-बुझाकर आधा घंटे बाद जाम समाप्त कराया। कॉलोनियों पर 47 लाख बिजली बिल बकाया होने पर विभाग ने कनेक्शन काटा है।
जाम कर रही महिलाओं का कहना था कि पांच मार्च से कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बंद है। इसकी वजह से चैन की नींद हराम हो गई है। बिजली के अभाव में पंखा सहित बिजली से चलने वाले अन्य उपकरण शो पीस बने हुए हैं। पानी के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा का समय चल रहा है। अंधेरे की वजह से बच्चों को परीक्षा की तैयारी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओपियम फैक्ट्री के अधिकारियों को कई बार इस बात से अवगत कराया गया कि कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बंद है। बावजूद इसके अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा यह कहा जा रहा है कि बिजली का बिल बकाया होने से आपूर्ति बंद की गई है। जाम की जानकारी होते ही पुरुष सहित महिला पुलिस अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिलाओं और युवतियों को समझा-बुझाकर आधा घंटे बाद जाम समाप्त कराया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम करने वालों में शारदा, अनीता राय, इंदू, गीता यादव, पूजा, आशा, रेशमी, पूर्णिमा गूंजन, शांति, र विंद्र माली, पिंकी आदि शामिल रहीं।
कॉलोनियों की बिजली सप्लाई ठप होने के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। - रमेश कुमार, जीएम, ओपियम फैक्ट्री
ओपियम फैक्ट्री से जुड़े नवापुरा, सिकंदरपुर और फैक्ट्री के अंदर कॉलोनी का 47 लाख रुपये बिजली बिल बकाया है। बकाया जमा करने के लिए फैक्ट्री को कई बार नोटिस दिया गया है। बावजूद इसके जमा न करने पर छह दिन पहले कनेक्शन को काट दिया गया। इस संबंध में उच्चाधिकारियों की फैक्ट्री के अधिकारियों से वार्ता चल रही है। - शिवम राय, नगर एसडीओ