गाजीपुर। प्रदेश सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को रोडवेज की बस में नि:शुल्क सफर की सौगात प्रदान की गई है। इसके तहत स्थानीय डिपो की तरफ से सभी तैयारी की गई है। ईटीएम मशीन को भी अपडेट किया गया है। सभी परिचालकों को महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।
भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन सात अगस्त को मनाया जाएगा। इस त्योहार पर दूरदराज रहने वाले भाइयों को राखी बांधने जाने वाली बहनों को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों रोडवेज की बस में नि:शुल्क यात्रा का तोहफा प्रदान किया हैै। सरकार की इस सौगात से महिलाओं में प्रसन्नता व्याप्त है। छह अगस्त की रात 12 बजे से सात अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं प्रदेश में रोडवेज की बस से कहीं भी नि:शुल्क यात्रा कर सकती हैं। इस संबंध में रोडवेज के स्थानीय डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश आर्य ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैै। परिचालकों को महिलाओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। बताया कि यात्रा के दौरान महिलाओं को टिकट प्रदान किया जाएगा। हालांकि टिकट पर शून्य मूल्य अंकित रहेगा। इसके लिए इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन (ईटीएम) को अपडेट किया गया है।