बलिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के बहेरी चट्टी के पास रविवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया जबकि ट्रक चालक व खलासी मौके से भाग गए।
बिहार प्रांत के जिला आरा की वार्ड नंबर छह बिंट टोली निवासी आरती (28) पत्नी विष्णु अपने मायके बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के थम्हपुरा अपने पति संग आई हुई थी। रविवार को आरती अपने पति विष्णु के साथ बाइक पर बैठकर शहर बाजार करने आई हुई थी, जहां से बाजार कर बाइक से घर लौट रही थी। जैसे ही वह शहर कोतवाली क्षेत्र के बहेरी चट्टी के पास पहुंची कि पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। जिससे वह असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ी। जिसके बाद ट्रक का पहिया उसके उपर चढ़ गया। लोगों ने घायल आरती को अस्पताल ले जाने के लिए उठाया लेकिन वह दम तोड़ चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।