रेवतीपुर। उतरौली स्पोर्टस स्टेडियम में नेहरू स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में 61वीं अंतर प्रांतीय नेहरू स्मारक फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच मंगलवार को मेजबान उतरौली और मुहम्मदाबाद के बीच खेला गया। उतरौली ने मुहम्मदाबाद को हरा मैच का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच का समापन राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने विजेता और उपविजेता टीम को शील्ड देकर किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने दोनों टीमों को सम्मानित करने साथ उनका हौसला बढ़ाया।
मंगलवार को दोनों टीमों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। इस मुकाबले में मेजबान उतरौली ने मुहम्मदाबाद को 2-1 से पराजित कर अंतर प्रांतीय प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया। मैच के 14वें मिनट में उतरौली के मनोज ने गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर होने तक मेजबान टीम ने अपनी बढ़त को बरकरार रखा। इसके बाद उतरौली के सोनू ने मैच के 57वें मिनट में गोलकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद मुहम्मदाबाद की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम के इरफान ने 69वें मिनट में गोलकर स्कोर 2-1 कर दिया। मैच समाप्त होने तक उतरौली ने बढ़त बरकरार रखते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। प्रतियोगिता समापन के मुख्य अतिथि प्रदेश के परती भूमि विकास एवं वन राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान किया। मैन आफ द मैच मुहम्मदाबाद के इरफान एवं मैन आफ द टूर्नामेंट मेजबान उतरौली के हिजामुद्दीन रहे। समापन समारोह में राज्यमंत्री श्री तिवारी ने विजेता टीम को बधाईं दी वहीं उपविजेता टीम को कहा कि कहां कमी रह गई उसे दूर करने का प्रयास करें। सफलता एक दिन जरूर मिलेगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, अरविंद किशोर राय, शिवविलास सिंह, लादू सिंह, जनार्दन सिंह, उतरौली प्रधान प्रतिनिधि अजय सिंह, लालबहादुर सिंह, तूफानी पांडेय, योगेश सिंह, रामेश्वर कुशवाहा, मोती यादव, अंगद सिंह, अनिल राय, मिंटू राय, उपेंद्र कुमार शर्मा, अनिल सिंह, अरविंद सिंह आदि उपस्थित थे। मैच में निर्णायक की भूमिका भानूप्रताप सिंह एवं उद्घोषक की भूमिका बृजेश पांडेय ने निभाई।