गाजीपुर। जिले में संचालित हो रहे सभी 28 राजकीय हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों को वर्ष 2019 की बोर्ड परीक्षा के लिए पहली बार अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों से व्यक्तिगत परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा देने के लिए आवेदन कर सकते हैं। गत वर्ष यह सुविधा राजकीय के अलावा एडेड माध्यमिक विद्यालयों पर भी उपलब्ध थी।
जिले में पत्राचार के माध्यम से शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए हाईस्कूल और इंटर बोर्ड की परीक्षा व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में देने के लिए जिले के सभी 16 राजकीय हाईस्कूलों और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज तथा 11 राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों को अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र को हाईस्कूल के आवेदन फार्म भरवाने की अधिकतम छह सौ की संख्या निर्धारित की गई है जबकि इंटर के लिए यह सीमा चार सौ निर्धारित है। राजकीय सिटी इंटर कॉलेज गाजीपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैदपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जमानिया, राजकीय हाईस्कूल कनुआन, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गाजीपुर पर केवल हाईस्कूल के ही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इन केंद्रों पर इंटर के परीक्षार्थियों को आवेदन करने की सुविधा नहीं है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गाजीपुर स्थित केंद्र पर सिर्फ छात्र ही आवेदन कर सकते हैं जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैदपुर में केवल छात्राएं ही आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा अन्य सभी राजकीय विद्यालयों पर छात्र एवं छात्राओं दोनों को फार्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार मिश्र ने सभी राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में निर्देश दिया है। राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव ने बताया कि उनके स्कूल को भी अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। जो परीक्षार्थी बोर्ड की कक्षा-10 और कक्षा-12 की परीक्षा देने के लिए आवेदन करना चाहते हैं वह प्रतिदिन कार्यालय दिवस में आकर निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 अगस्त तक है।