गाजीपुर। नगर के लालदरवाजा स्थित एक मकान में रविवार की रात करेंट उतरने से लालदरवाजा फीडर की आपूर्ति बंद करा दी गई। इससे कुल साढ़े तीन घंटे तक पूरा मुहल्ला अंधेरे में डूबा रहा। इस वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार की रात नगर के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इसी बीच करीब डेढ़ बजे बत्ती गुल हो गई। लालदरवाजा, मिश्रबाजार, रायगंज, झुन्नूलाल चौराहा, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद, तिलकनगर कालोनी, आमघाट सहकारी कालोनी, महाजनटोली सहित दर्जनों मुहल्ले अंधेरे में डूब गए। मौसम ठंडा होने पर तुरंत लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर बाद गर्मी लगने पर लोगों की नींद टूट गई। लोगों ने सोचा कि शायद लाइन ट्रिप हुई होगी और अब-तब आ जाएगी। भोर होने पर महिलाएं जगी तो अनापूर्ति की वजह से उनकी भी परेशानी बढ़ गई। बिजली के अभाव में पेयजल आपूर्ति भी बाधित थी। भोर में पौने छह बजे बिजली का दर्शन होने पर लोगों ने राहत की सास ली। इस संबंध में प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ कमलेश सिंह ने बताया कि नगर के लालदराजा मुहल्ला में स्थित एक मकान में करेंट उतर रहा था। मकान स्वामी ने उपकेंद्र पर आकर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि करेंट से परिवार को खतरा हो सकता है। इस पर उससे लिखित लेकर लालदरवाजा फीडर की आपूर्ति बंद कर दी गई। रात में कोई लाइनमैन न होने से काम नहीं हो सका। सुबह लाइनमैन उक्त मकान पर पहुंचा और मकान के सरिया से सट रही ट्रांसफार्मर की लाइन को अलग किया। इसके बाद सुबह 5.45 पर आपूर्ति सुचारु की गई।