औड़िहार। बीते दिन कपड़ा व्यवसायी से 11 लाख की ठगी करने वाले गिरोह के महिला सहित तीन सदस्यों को बृहस्पतिवार की सुबह रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर किया। उनके पास से आधा दर्जन मोबाइल सेट विभिन्न कंपनियों का सिम कार्ड, दो लाख नकदी के साथ ही सोने का नकली जेवरात बरामद किया।
सैदपुर नगर के मुख्य मार्ग निवासी कपड़ा व्यवसायी नवीन बरनवाल ने कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने कहा था कि बीते 20 फरवरी को ठगों ने नकली सोना देकर उनसे 11 लाख की ठगी कर ली। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ठगों की तलाश में जुट गई थी। इसी क्रम में बृहस्पतिवार की सुबह एक महिला सहित दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में कोतवाल श्याम जी यादव ने बताया कि सुबह करीब दस बजे औड़िहार-गैवीपुर मार्ग पर स्थित रेलवे क्रांसिंग के पास कपड़ा व्यवसायी से ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों गनेश उर्फ गुलशन, मोहन शर्मा और राधा गुजराती को गिरफ्तार किया गया। यह लोग कही भागने की फिकार में थे। गिरफ्तार महिला एवं एक पुरुष इटावा जनपद के अजीत नगर तथा तीसरा बांदा जिले के कर्वी थाना क्षेत्र का निवासी है। इनके पास नकली सोने का जेवरात, विभिन्न कंपनियों का सिम कार्ड, छह मोबाइल सेट के साथ ही दो लाख नकदी बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने कपड़ा व्यवसायी से ठगी की बात स्वीकार की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि लिखा-पढ़ी के बाद अभियुक्तों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।