राजकीय हाईस्कूल सदरजहांपुर और राजकीय हाईस्कूल बयेपुर देवकली में सोमवार को दो दिवसीय विद्यालय प्रबंध एवं विकास समिति का प्रशिक्षण शुरू हुआ। राजकीय हाईस्कूल सदरजहांपुर में सुबह सरस्वती वंदना के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत मास्टर ट्रेनर रामअवतार यादव ने की। जबकि राजकीय हाईस्कूल बयेपुर देवकली में इसका प्रारंभ मास्टर ट्रेनर गोपीनाथ मौर्या ने किया। प्रशिक्षक श्री यादव ने प्रशिक्षण के पहले दिन सदस्यों को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा सदस्यों से विद्यालय की विकास योजना के निर्माण का कार्य भी कराया गया। सदस्यों को उनके कार्य एवं दायित्व का भी बोध कराया गया।
दूसरे सत्र में सदस्यों को ग्रुपों में बांटकर उनसे आवंटित विषयों पर चार्ट का कार्य भी कराया गया। प्रत्येक ग्रुप की तरफ से इसका प्रस्तुतीकरण भी किया गया। आवश्यकतानुसार इसमें छूटे हुए बिंदुओं को जोडा भी गया। प्रशिक्षण की शुरुआत में सदस्यों से पूर्व प्रशिक्षण प्रपत्र भरवाकर उनके इस विषय में पूर्व ज्ञान को टटोला गया। प्रशिक्षण के पहले दिन के अंतिम सत्र में खुली चर्चा हुई जिसमें सदस्यों ने अपना-अपना विचार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में प्रधानाचार्य रामाश्रय के साथ सभी सदस्य मौजूद रहे। प्रशिक्षण का समापन मंगलवार को होगा।