एनसीआर में कार लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले ‘हिटलर’ गैंग के एक बदमाश को सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बहन की शादी के खर्च के लिए उसने हाल ही में एक स्कूल संचालक के ड्राइवर से राजनगर एक्सटेंशन में कार लूटी थी। इससे पहले जनवरी में उसने एक प्रोफेसर से भी लग्जरी कार लूटी थी।
आरोपी के कब्जे से लूटी गई दोनों लग्जरी कारें, एक तमंचा और 10 हजार की नगदी बरामद हुई है। वह कार बेचने की फिराक में था। एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने बताया कि पकड़ा गया लुटेरा रवि मेरठ के परतापुर का रहने वाला है।
10 मार्च को उसकी बहन की शादी है। शादी में खर्च के लिए तीन दिन पहले उसने साथियों के साथ राजनगर एक्सटेंशन में हापुड़ के एक स्कूल संचालक के ड्राइवर से लग्जरी कार लूटी थी। आरोपी ने बताया कि वह मेरठ के शातिर लुटेरे ‘हिटलर’ के साथ वारदात करता है।
एनसीआर में कार लूट की कई वारदातें की हैं। एसएचओ ने बताया कि ‘हिटलर’ समेत अन्य लुटेरों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस गिरोह ने इंदिरापुरम थानाक्षेत्र से ट्रक लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था।
इसमें रवि वांछित था। इंदिरापुरम पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को एक सूचना पर सुबह साढे़ 10 बजे रवि को डीपीएस कट के पास से गिरफ्तार किया गया है।
जनवरी में लूटी थी प्रोफेसर की कार
एसएचओ ने बताया कि ‘हिटलर’ गैंग ने जनवरी माह में राजनगर एक्सटेंशन से प्रोफेसर विनय ओझा की लग्जरी कार भी लूट ली थी। इस मामले में प्रोफेसर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी की निशानदेही पर प्रोफेसर की कार भी बरामद कर ली गई है। वारदात को पता पूछने के बहाने अंजाम दिया गया था।
सर्विलांस का भी माहिर है ‘हिटलर’
एसएचओ ने बताया कि हिटलर को सर्विलांस की भी जानकारी है। कारों में जीपीएस लगे होेने का पता चलते ही वह सेंसर के जरिए लोकेशन बदल देता है।