सीसीएसयू की लापरवाही मेन एग्जाम में भी देखने को मिल रही है। एग्जाम फार्म भरने के बाद ऑनलाइन दिए जा रहे एडमिट कार्ड में काफी गड़बड़ी आ रही है। छात्रों ने जो विषय एग्जाम फार्म में भरा ही नहीं है, वह भी अंकित होकर आ रहा है।
यही नहीं निर्धारित विषय के अलावा अतिरिक्त विषय जुड़कर आ रहे हैं। छात्र परेशान हैं कि वह क्या करें। इसलिए वह गलतफहमी दूर करने के लिए कॉलेज से लेकर विवि तक के चक्कर लगा रहे हैं।
सीसीएसयू के मेन एग्जाम 18 मार्च से शुरू होंगे। एग्जाम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छात्रों के एग्जाम फार्म भी कॉलेजों से विवि प्रशासन के पास जा चुके हैं। छात्रों ने एग्जाम फार्म में जिन विषयों को भरा था, उससे अतिरिक्त विषय एडमिट कार्ड पर अंकित किए गए हैं।
एसडी कॉलेज के छात्र शुभम द्विवेदी ने बताया कि बीकॉम के जो पेपर कोर्स में है वह एग्जाम फार्म में भरे गए थे। इसके अलावा अतिरिक्त विषय के रूप में अंग्रेजी लिया गया, लेकिन जब एडमिट कार्ड मिला उसमें हिंदी, संस्कृत और जनरल अवेयरनेस के भी कोड जुड़कर आ गए हैं। एडमिट कार्ड के मुताबिक सभी एग्जाम देने पड़ेंगे। जबकि इन विषयों की तैयारी की ही नहीं गई है।