लोनी। महकारा की हत्या को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। क्षेत्र में तनाव का माहौल होने से भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है। सोमवार को ग्रामीण अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामे पर उतारू हो गए और शव दफनाने से इंकार कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोपहर तीन बजे महकारा काे दफनाया गया।
गौरतलब है कि तीन जनवरी को महकारा (18) पुत्री स्व. शेरा को अगवा कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में परिजनों ने कालोनी के ही सोनू उसके भाई संजय, बहनोई कमल, साथी राजेंद्र एवं नरेंद्र पर केस दर्ज कराया है। पुलिस सोनू, राजेंद्र एवं नरेंद्र को दबोच चुकी है। पीड़िता का शव लोनी पहुंचने पर सोमवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने नामजद कमल, एवं संजय की गिरफ्तारी की मांग कर शव को दफनाने से इंकार कर दिया और हंगामा करने लगे।
एसपी आरए जगदीश शर्मा तथा सीओ इंद्रापुरम विजयरण सिंह मौके पर पहुंच कर साहिबाबाद एवं इंद्रापुरम थाने से अतिरिक्त पुलिस बुलाई। फिर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शव काे दफनाने के लिए राजी कर लिया गया। इसी बीच, करीब 11 बजे क्षेत्र में सांप्रदायिक झगडे़ की फर्जी अफवाह फैल गई, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया।