लघु उद्योग राज्यमंत्री ने दिया उद्यमियों को भरोसा
गाजियाबाद। उद्यमी फोन या फैक्स के जरिए अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाएगा। यह आश्वासन रविवार को प्रदेश सरकार के लघु उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भगवत शरण गंगवार ने उद्यमियों को दिया। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्यमंत्री ने हर साल 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने का भी वादा किया।
गाजियाबाद इंडस्ट्रीज फेडरेशन के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान राज्यमंत्री ने उद्यमियों की मुख्यमंत्री के साथ बैठक करवाने की बात कही। उन्होंने जिला उद्योग केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर सभी अधिकारियों के नंबर लिखवाने के आदेश दिए। राज्यमंत्री ने जीडीए वीसी संतोष यादव को उद्योग कुंज, डासना में पानी निकास ठीक कराने, साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल की बेहतर व्यवस्था कराने और डीजल पावर हाउस को शुरू कराने में आ रही दिक्कतों को दूर कराने के निर्देश दिए। वीसी ने उद्योगों को जमीन देने का प्रस्ताव दिया। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक वाईपी गुप्ता, फेडरेशन अध्यक्ष अरुण शर्मा, सचिव अनिल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसके माहेश्वरी, सुनील शर्मा, जितेंद्र त्यागी, सोमनाथ सडाना, इंद्रपाल सिंह, महेश सिंघल आदि रहे।