अब गंगा की धारा से हो सकेगा अंतिम स्नान
वसुंधरा से पाइप लाइन के जरिए पहुंचेगा जल
गाजियाबाद। मुक्ति का आशीर्वाद देने गंगा की धारा हिंडन तट पर आ गई है। मेयर दमयंती गोयल और समाजसेवियों की कोशिश रंग लाई और मंत्रोच्चार के बीच बृहस्पतिवार सुबह से गंगाजल हिंडन शमशान भूमि में पहुंचना शुरू हो गया। साथ ही मोक्षधाम में शवों का अंतिम स्नान गंगाजल से होने लगा।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अंतिम संस्कार से पहले मृतक को गंगाजल में स्नान कराने से मोक्ष के रास्ते खुलते हैं। बड़ी खबर ये है कि हिंडन नदी के तट पर प्रथम गंगाजल स्नानागार शुरू हो गया है। नगर निगम ने वसुंधरा से पाइप लाइन के जरिए हिंडन धाम में गंगाजल की सप्लाई दी है। मेयर और समाजसेवी धर्मपाल गर्ग ने 22 लाख की लागत से बने स्नानागार को पूरा कराया है। दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरि, समाजसेवी डा. वीके शर्मा, अंर्तराष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के महामंत्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा की मौजूदगी में धर्मपाल गर्ग और उनके आठ वर्षीय पौत्र आरब गर्ग ने फीता काटकर शुभारंभ किया।