छेड़छाड़ के एक आरोपी को पकड़ने पहुंची कोतवाली पुलिस को आरोपी के घर से चोरी-लूट के माल का इतना जखीरा मिला कि छानबीन करने के लिए तीन थानों की फोर्स बुलानी पड़ी।
करीब चार हजार जोड़ी कपड़े, दो हजार पर्स, दो लाख रुपये की नगदी, रेलवे, बिजली विभाग, पीडब्लूडी, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य कई विभागों का सामान, चोरी के आभूषण, सौंदर्य प्रसाधन के सामान, इलेक्ट्रानिक आइटम के साथ-साथ भारी संख्या में औजार भी बरामद हुए। पुलिस ने छह पुरुषों और तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस की माने तो आरोपी के परिवार का लंबा आपराधिक रिकार्ड है और परिवार व गैंग के अन्य सदस्य ट्रेन, बस और अन्य स्थानों पर वारदात करते हैं। देर रात तक छानबीन चलती रही।
कसबे के त्रिवेणीगंज बाजार मोहल्ला में डाक बंगला के निकट रहने वाले कुछ लोगों ने विद्यासागर के पुत्र रज्जू के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी। चौकी इंचार्ज मुरलीधर पांडे रज्जू को पकड़ने विद्यासागर के घर पहुंचे तो आरोपी के परिजनों ने पुलिस का घेराव कर लिया। बाद में कोतवाल अमरपाल सिंह फोर्स के साथ पहुंचे तो भी परिजन भिड़ गए। मामला बढ़ते देख सीओ जोगेंद्र सिंह भी फोर्स के साथ पहुंचे लेकिन परिजन उल्टा पुलिस पर घर में आग लगाने, पथराव कराने सहित कई आरोप लगाते हुए करीब चार घंटे तक छकाते रहे।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बार विद्यासागर उसके पांच पु़त्रों, पत्नी, दो पुत्रियों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा। इसके बाद फोर्स जब घर के अंदर घुसी तो अंदर के नजारे देख सीओ, कोतवाल के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर से कई हथियार, कट्टा-कारतूस, करीब एक हजार महिलाओं के महंगे पर्स, इतने ही पुरुषों के पर्स, सैकड़ों अंडर गारमेंट्स, हजारों जोड़ी कपड़े आदि बरामद हुए। इसके साथ साथ पुलिस को करीब डेढ़ लाख रुपये के नोट और 10 हजार रुपये की रेजगारी भरी संदूक भी बरामद हुई।
रिवाल्वर के 12 कवर, पुलिस अफसरों के नाम के बिल्ले, नेम प्लेट सहित रेलवे, रोडवेज, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि विभागों का सामान, मुहरें और प्रमाण पत्र बरामद हुए। तब सीओ ने शिवराजपुर, ककवन थाने की फोर्स भी बुला ली और एक-एक कमरे की तलाशी ली। कमरों से चोरी में काम आने वाले दर्जनों औजार भी मिले। पुलिस अधिकारियों ने सामान को जब्त करने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को जानकारी दी है। देरशाम तक कोतवाली में पुलिस और कई विभागों के अफसर बरामद माल की जांच-पड़ताल में जुटे थे।