जयपुर में तिमंजिले मकान से गिरी एयर होस्टेस की मौत मामले में प्रभारी डीएम सीडीओ उन्नाव के आदेश के बाद सोमवार को गंगाघाट पुलिस ने बालू घाट में दफनाए गए शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम करवाया। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं दी गई है लेकिन सूत्रों के अनुसार मौत की वजह हेड इंजरी है। परिजनों की तहरीर पर एयर होस्टेस की रूम पार्टनर साक्षी और मकान मालिक अमित शर्मा निवासी जयपुर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गंगाघाट कोतवाली के बिंदानगर मोहल्ला निवासी मिशा सैनी (22) जयपुर में गोल्डेन ट्यूलिप एयरवेज कंपनी में एयर होस्टेस थी। 30 सिंतबर को तीन मंजिला मकान से गिरने के कारण वह कोमा में चली गई थी। इलाज के दौरान शनिवार को कानपुर के मधुराज नर्सिंग होम में उसकी मौत हो गई थी। एयर होस्टेस की मां प्रेमा देवी ने बताया कि बेटी करीब पांच माह से कंपनी में कार्यरत थी और जयपुर में ही रहती थी। 26 दिनों तक जयपुर में ही उसका इलाज चला। इसके बाद उसे कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया था। उन्होंने बताया कि बेटी को कुछ समय के लिए होश आया तो उसने अपनी रूम पार्टनर साक्षी नाम की युवती पर तीन मंजिला मकान की छत से धक्का देने की बात बताई थी। इसके बाद वह फिर कोमा में चली गई। कंपनी के लोगों ने भी इसे दुर्घटना बताया था। शनिवार को परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने गंगाघाट कोतवाली गए थे जहां से उन्हें जयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहकर टरका दिया गया था। इसके बाद रविवार को परिजनों ने शव को बालू घाट में दफ ना दिया। मामले को उच्च अधिकारियों ने संज्ञान में लिया और गंगाघाट कोतवाली प्रभारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद गंगाघाट पुलिस ने पीड़ित पक्ष से संपर्क किया और परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की। सोमवार को शव निकलवा कर पोस्टमार्टम करवाया। एसओ दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी, पुलिस ने मामले को स्वत: संज्ञान में लिया और पीड़ित पक्ष से एक दिन पूर्व मिला। पहले पीड़ित पक्ष ने पोस्टमार्टम न कराने की बात कही थी। डीएम के आदेश पर शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाया गया है।
स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ सिटी उन्नाव