उत्तर प्रदेश के जहांगीराबाद कस्बे की एक किशोरी को अगवा कर सभासद पुत्र ने साथियों के साथ गैंगरेप किया।
किशोरी ने आरोप लगाया है कि उस पर रिपोर्ट न लिखाने को लेकर दबाव बनाया गया साथ ही जब वह थाने में रिपोर्ट लिखाने गई तो दो महिला कांस्टेबलों और दरोगा ने उससे मारपीट की।
मामला मीडिया में आने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सभासद पुत्र को दो साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बे की दलित किशोरी ने बताया कि बुधवार रात वह घर की छत पर सो रही थी। आरोप है कि सभासद पुत्र अपने दो साथियों के साथ उसे अगवा कर सुनसान जगह पर ले गए।
तीनों ने उससे गैंगरेप किया और शिकायत करने पर उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने बताया कि वह धमकी से सहम गई और चुप रही।
बृहस्पतिवार की रात उसने परिजनों को सारी बात बताई। शुक्रवार सुबह परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। आरोप है कि थाने पहुंचने पर सभासद पक्ष के लोगों ने रिपोर्ट न दर्ज करवाने को लेकर उन पर एक घंटे तक दबाव बनाया।
पीड़िता का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने की जिद पर एक दरोगा और दो महिला कांस्टेबल ने उसे पीटा। मामला मीडिया में आने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर वार्ड सभासद के बेटे शंकर उसके दो साथियों नीरज और विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा।
राजनीति से द्वेष में फंसाया
उधर, आरोपी के पिता, सभासद का कहना है कि उसका बेटा निर्दोष है। राजनीतिक द्वेष में उसे फंसाया गया है। निष्पक्ष जांच से पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा।