यूपी के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के रेड़िया गांव में सोन नदी से बालू के अवैध खनन में लिप्त टिपर को शनिवार रात पकड़ने गए वन दरोगा जय प्रकाश वर्मा की कनपटी पर अवैध खनन करने वाले ने कट्टा सटा दिया और मारपीट की। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह टीम के साथ पहुंचे, तब आरोपी फरार हो गए।
वन विभाग ने बालू लदा टिपर और कार सीज कर दिया। डीएफओ आशुतोष जायसवाल ने बताया कि एसपी को मामले की जानकारी दी गई है। रविवार की शाम चोपन थाने में तहरीर दी गई है। हालांकि चोपन प्रभारी निरीक्षक नवीन तिवारी का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है।
गुर्मा वन रेंज के दरोगा जय प्रकाश वर्मा का आरोप है कि शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग रेडिया गांव में सोन नदी से बालू का खनन कर रहे हैं। टिपर पर बालू लादा जा रहा है। इस पर वह फारेस्ट गार्ड को लेकर मौके पर गए। वहां उन्होंने बालू लदा टिपर पकड़ लिया।