कानपुर में चमनगंज थाने के पास वाल्मीकि नगर सुलभ शौचालय में शुक्रवार सुबह लीकेज सिलेंडर से आग लगने से दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 19 लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को हैलट, उर्सला में भर्ती कराया गया है जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक है। हादसे के बाद डीएम, एसएसपी, इंडियन ऑयल कारपोरेशन, खुफिया एजेंसी के अफसरों ने घटनास्थल और अस्पताल का मुआयना किया। परिजनों को शासन से मुआवजा दिलाने का भरोसा अफसरों ने दिया है।
नगर निगम के इस सुलभ शौचालय से एक मकान छोड़ दूसरे मकान में रामदेई परिवार सहित रहती हैं। सुबह बेटे अनिल ने किचन में नया सिलेंडर लगाया तो वह लीक कर रहा था। अनिल ने पेचकस से नोजल में लगा वॉशर ठीक करने की कोशिश की। इस कोशिश में पिन फंस गई और लीकेज तेज हो गया। अनिल ने पहले सिलेंडर को खुले में रखा फिर जाकर सुलभ शौचालय के हौज (पानी की टंकी) में डाल दिया।
उस समय सुलभ शौचालय में भीड़ थी। पानी की टंकी में भी सिलेंडर से लीकेज जारी रहा और इसी बीच किसी ने बीड़ी के लिए माचिस जला दी। माचिस जलते ही आग का भारी गुबार उठा और फैल गया। वहां मौजूद लोगों को हिलने तक का मौका न मिला। सुलभ कर्मी विजय कुमार ने बताया कि लपटों ने मुख्य दरवाजे के बगल में स्टॉफ रूम तक को चपेट में ले लिया।
शौचालयों में बैठे लोग आग की चपेट में
शौचालयों में बैठे लोग बचने के लिए बाहर भागे और लपटों की चपेट में आ गए। लपटों में घिरे लोग जमीन पर अलटते-पलटते बचने की कोशिश करते रहे लेकिन आग बहुत तेज थी। मौके पर ही अनिल और सीता देवी मरणासन्न स्थिति में दिखे। थाना करीब होने की वजह से एसओ जुबैर अहमद ने फोर्स के साथ मोर्चा संभाला।
अपने वाहन, बाइक, रिक्शा, ऑटो, जो भी मिला उसमें लादकर झुलसे लोगों को अस्पताल भेजा। 15 मिनट में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां आ पहुंची। जैसे-तैसे आग पर काबू पाया गया। हादसे में सीता देवी (40) पत्नी करुणा शंकर निवासी चमनगंज श्रीनगर, अनिल(24) पुत्र बदलू प्रसाद निवासी वाल्मीकि नगर, सुनील(29) पुत्र बदलू प्रसाद, वाल्मीकि नगर, हसीना(48) पत्नी लल्ली बाबू निवासी वाल्मीकि नगर और अनुराग(12) पुत्र राकेश कुमार निवासी वाल्मीकि नगर की मौत हो गई।
डीएम डॉ. रोशन जैकब, एसएसपी के.सुनील इमेनुएल, एसपी, एसीएम, सीओ ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर छानबीन की।
घायलों की सूची:
-गीता देवी(40) पत्नी शिव कुमार
-पूजा(10) पुत्री श्याम
-पूनम(20) पुत्री रामशंकर
-पप्पू कश्यप(45) पुत्र द्वारिका
-खुशबू(7) पुत्री प्रकाश सैनी
-जगदीश सिंह(55) पुत्र केली प्रसाद
-सिम्मी(24) पुत्री महमूद अहमद
-बेनी माधव(28) पुत्र चुंकू
-प्रदीप कुमार(64) पुत्र ललित शंकर
-विष्णु नारायण(24)
-राहुल(19) पुत्र धनीराम
-विमला(50) पत्नी पुत्तीलाल
-गोलू(10) पुत्र शैजाब
-राजदुलारी(50) पत्नी अशर्फी लाल
-दीपा(22) पुत्री दुलारे
-जय(16) पुत्र विष्णु स्वरूप
-विजय(26) पुत्र रामसुख
-विजय(30) पुत्र विमल