मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में राष्ट्रीय स्तर का खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह विश्वविद्यालय पटियाला व ग्वालियर के खेल विश्वविद्यालयों की तर्ज पर बनेगा। इसमें स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के खेल पाठ्यक्रम चलाए जाएंगे। इसमें अन्तरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं व प्रशिक्षक मुहैया कराए जाएंगे। यह यूपी का पहला खेल विश्वविद्यालय होगा।
विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही खेलों से जुड़ी डिग्री जैसे बीपीएस और एमपीएड भी छात्रों को दी जाएगी। सीएम की घोषणा पर अमल करने के लिए खेल विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही विशेषज्ञों की टीम ग्वालियर व पटियाला का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाएं व पैटर्न का अध्ययन करेगी।
अध्ययन करने का भी मौका
सूत्रों की माने तो इस विश्वविद्यालय में खेल विभाग द्वारा स्थापित खेल छात्रावासों और स्पोर्ट्स कॉलेजों के छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी इस विश्वविद्यालय से अध्ययन करने का मौका मिलेगा।