उत्तर प्रदेश में लाख कोशिश के बावजूद पुलिस के व्यवहार में सुधार होता नहीं दिख रहा।
अलीगढ़ के दादों थाने में सिपाही की ऐसी ही एक हरकत से पुलिस शर्मसार होती दिख रही है। यहां सिपाही ने एक नवविवाहिता पर अश्लील फब्तियां कसी और थाने में ही सुहागरात मनाने का ऑफर कर दिया।
यह सुन विवाहिता और परिजन आग बबूला हो गए और सिपाही की पिटाई कर दी। साथ ही बुधवार को एसपीआरए को सिपाही की लिखित शिकायत दी है। इस मामले में सीओ अतरौली को जांच सौंपी गई है।
थाना दादों के गांव गिरधरपुर की युवती एक माह पहले थाना छर्रा के गांव नगला मोहन निवासी रिश्ते के फुफेरे भाई के साथ प्रेम संबंधों में चली गई और कोर्ट में शादी कर ली।
इधर युवती के चाचा ने युवक सहित दस लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। पिछले दिन पुलिस ने एटा से युवती को युवक के साथ पकड़ लिया और 22 जुलाई को युवती के कोर्ट में बयान हुए।
जहां से बयानों के आधार पर युवती का युवक संग जाना तय हुआ। इसके बाद पुलिस दोनों को देर रात थाने लाई, जहां युवती को उसके प्रेमी संग भेजे जाने की औपचारिकताएं पूरी हो रही थीं। आरोप है कि तभी थाने में तैनात सिपाही ने युवती पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं, यहां तक कह दिया कि वह चाहे तो थाने में ही सुहागरात मनवा देंगे। बस यह सुन युवती और प्रेमी के परिजनों ने सिपाही को थाने में ही पीट दिया। इसे लेकर हंगामा हुआ।
बाद में एसओ के हस्तक्षेप पर सिपाही के माफी मांगने पर मसला शांत हुआ। इसके बाद बुधवार को युवती अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों संग एसपीआरए से मिलने पहुंची।
एसपीआरए आशाराम यादव के अनुसार लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच सीओ अतरौली को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।