फिरोजाबाद। फर्जी दस्तावेज लगाकर एसआरके पीजी कॉलेज में पुलिस भर्ती परीक्षा दे रहे युवक को लखनऊ से मिली सूचना के आधार पर थाना उत्तर पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में युवक ने पूरी कहानी तोते की तरह रट दी। युवक के पास से कई फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
थाना उत्तर के एसआरके पीजी कॉलेज में तीसरे दिन रविवार को पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित दूसरी पाली की परीक्षा में दो घंटे का समय बीतने के बाद लखनऊ से एक सूचना मिली। जिसके आधार पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट व उत्तर पुलिस ने संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरी कहानी तोते की तरह रट दी। युवक फर्जी दस्तावेजों के सहारे पुलिस की परीक्षा दे रहा था। कानपुर नगर के थाना सचेंडी के मोहल्ला लालशाह का पुरवा निवासी राघवेंद्र को पुलिस ने हिरासत में लिया। उसने बताया कि उसकी उम्र परीक्षा के हिसाब से अधिक हो चुकी है। जिसके चलते उसने दोबारा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दी। जिससे नौकरी पा सके। इसके लिए उसने अपने आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों में फेरबदल कराया था। इसी फर्जी दस्तावेजों के सहारे ही वह परीक्षा देने आया था। उसने अपने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में फेरबदल कराकर अपना नाम राघवेंद्र के स्थान पर सौरभ और पिता का नाम रामलाल के स्थान पर रामपाल कर लिया था। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि युवक को लखनऊ से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। केेंद्र व्यवस्थापक प्रमोद कुमार सिरोठिया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पिछली बार और 2018 में भी दे चुका परीक्षा
पकड़ा गया युवक राघवेंद्र शातिर किस्म का आरोपी है। वह फरवरी 2024 के अलावा 2018 और पहले भी कई बार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी भर्ती की परीक्षाएं दे चुका है। लेकिन तब वह पकड़ा नहीं गया था। इस बार लखनऊ और कड़ाई के चलते वह पकड़ा गया है। पुलिस उससे अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
उत्तर क्षेत्र के परीक्षा केंद्र से फर्जी दस्तावेजों के सहारे पुलिस भर्ती परीक्षा देते हुए एक युवक को पकड़ा गया है। तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उससे अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ की जा रही है। - सर्वेश कुमार मिश्र, एसपी सिटी