फिरोजाबाद। फरिहा क्षेत्र के गांव अंधपुरा निवासी एक युवक के साथ कार सवार लोगों ने मारपीट कर दी। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण थाना फरिहा पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर मामले को शांत करा दिया और पीड़ित से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
गांव अंधपुरा निवासी पंकज कुमार पुत्र जय सिंह भूसे का कारोबार करता है। मंगलवार सुबह उसकी गाड़ी सड़क पर खड़ी थी। इस बीच वहां से गुजर रहे गाड़ी सवार लोगों से पंकज का विवाद हो गया। कार सवार लोगों ने पंकज के साथ मारपीट कर दी। इस बीच काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीण को देख आरोपी कार सवार लोग वहां से भाग गए। पीड़ित ग्रामीणों के साथ थाना फरिहा पहुंचा। फरिहा पुलिस को घटना से अवगत कराने के साथ ही नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी मारपीट करने के साथ ही उसको पकड़कर ले जा रहे है। पीड़ित ने आरोपियों पर 80 हजार रुपये व मोबाइल छीनने का आरोप भी लगाया है। थानाध्यक्ष फरिहा विनय कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच सड़क पर कार खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रुपये और मोबाइल फोन छीनने का आरोप गलत है।