फिरोजाबाद। अकुशल श्रमिकों को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करने के लिए कांच व अन्य औद्योगिक इकाईयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होंगे। खास बात यह है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने वाली इकाईयों को यूपीसीडा की ओर से प्रति प्रशिक्षार्थी एक निश्चित राशि भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजनांतर्गत अकुशल श्रमिकों को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। फिरोजाबाद में संचालित कांच, पैकिंग, डाई मेकिंग जैसी इकाईयों में यह कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। योजनांतर्गत कांच व अन्य इकाईयों में कार्यरत अकुशल श्रमिकों को विभिन्न ट्रेड्स में तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने वाली इकाईयों को कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार व यूपीसीडा के माध्यम से 25 सौ रुपये की राशि प्रत्येक प्रशिक्षार्थी के हिसाब से देय होगी। प्रदेश के 26 जिलों में क्रियान्वित होने वाली इस योजना के तहत कुल 85000 युवाओं को तकनीकी कौशल निखार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि जिला स्तर पर लक्ष्य निर्धारण अभी लंबित है।
उद्योग विभाग करेगा मॉनीटरिंग, आईटीआई संस्थानों के ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण
अपर मुख्य संचिव राधा एस चौहान ने मार्च में जारी निर्देशों के तहत योजना की मॉनीटरिंग जिला उद्योग केंद्र द्वारा की जाएगी। प्रशिक्षणार्थियों को जिले में संचालित आईटीआई के प्राध्यापक युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देंगे।
मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रशिक्षण कार्यक्रम की घोषणा काफी समय पूर्व हो चुकी है। कोविड के कारण यह योजना का क्रियान्वयन प्रभावित था। इकाईयों से जरूरी सूचनाएं मांगी हैं।सूचना प्राप्त होते ही आगे की कार्यवाही करेंगे।
अमरेश पांडेय उपायुक्त उद्योग