फिरोजाबाद। विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मामले में नगला खंगर थाना पुलिस ने दो लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
संविदा कर्मचारी रतेंद्र कुमार ने बताया कि वह विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। उनकी तैनाती विद्युत उपकेंद्र नगला खंगर में है।
दस अप्रैल को अपने साथी विनोद कुमार व सत्य सिंह के साथ अवर अभियंता के निर्देश पर नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव नगला पीरिया निवासी जोगेंद्र सिंह के नलकूप का कनेक्शन काटने गया था। आरोप है कि कनेक्शन काटने के दौरान जोगेंद्र सिंह के दोनों पुत्र वहां पहुंच गए। उन्होंने कनेक्शन काटने का विरोध किया।
टीम के साथ मारपीट की। पीड़ित संविदा कर्मचारी ने बताया कि हम तीनों लोग किसी तरह से जान बचाकर विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। अधिकारियों को तत्काल घटना से अवगत कराया। थानाध्यक्ष नगला खंगर ने बताया कि विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।