फिरोजाबाद। पति द्वारा बहनों के सामने अभद्र भाषा बोलने और पिटाई से आहत होकर महिला ने दो फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। इसका खुलासा शुक्रवार को आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रामगढ़ थाना पुलिस ने किया है। मृतका के भाई ने आरोपी पति और उसके परिजन के साथ खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला हबीबगंज निवासी फूलवानो का शव दो दिन पूर्व घर के अंदर फंदे पर लटका मिला था। मृतका के भाई शमशाद की तहरीर पर पुलिस ने फूलवानो का पति भाईजान और अन्य छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया था। थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात आरोपी भाईजान उर्फ सोएब निवासी हबीबगंज रामगढ़ को जाटवपुरी चौराहा के समीप से गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष हरर्वेंद्र मिश्रा ने बताया कि फूलवानो की पिता की तबीयत अधिक खराब थी। लेकिन आरोपी ने उसे पिता के पास नहीं भेजा। पति द्वारा विरोध किए जाने पर वह मायके चली गई। मायके से आने के बाद उसने फूलवानो की पिटाई की थी। फूलवानो जब मायके में थी तब आरोपी ने फूलवानों के बहन के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पिटाई की थी। जिससे आहत होकर फूलवानो ने दो फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।