शिकोहाबाद। रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर सुबह एक महिला का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। महिला की शिनाख्त होने पर परिवारीजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को ले गए।
शनिवार सुबह रेलवे लाइन पर काम कर रहे कर्मचारियों को एक महिला का शव रेलवे ट्रैक के समीप पड़ा दिखाई दिया तो उन्होंने सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ने मामला क्षेत्र के बाहर होने के कारण थाना पुलिस को दी। आसपास के गांव के लोग एकत्रित हो गए। महिला को कुछ लोगों ने पहचान लिया। परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतका का नाम बेबी (55) पत्नी विनोद कुमार निवासी रसूलपुर थाना मक्खनपुर बताया।
परिजन ने बताया महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं थी ।शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि एक महिला का शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला था। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।